रायपुर में होली पर 65 करोड़ शराब बिक्री अनुमान
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Raipur-Holi-Liquor-Sales-65-Crore-Estimate
रायपुर में होली पर 65 करोड़ रुपए से अधिक शराब बिक्री का अनुमान, विभाग ने अतिरिक्त स्टॉक और सप्लाई व्यवस्था की मजबूत तैयारी की।
अवैध बिक्री रोकने के लिए आबकारी और पुलिस की संयुक्त टीम अलर्ट, अंग्रेजी शराब की मांग इस बार भी ज्यादा रहने की संभावना।
Raipur/ राजधानी रायपुर में होली पर्व को लेकर बाजारों में रौनक बढ़ गई है, वहीं शराब की दुकानों पर भी ग्राहकों की हलचल तेज हो गई है। आबकारी विभाग के अनुमान के अनुसार इस बार होली के अवसर पर 65 करोड़ रुपए से अधिक की शराब बिक्री दर्ज की जा सकती है। पिछले वर्ष होली के तीन दिनों में करीब 60 करोड़ रुपए की बिक्री हुई थी, जिसे इस बार पार करने की संभावना जताई जा रही है।
त्योहार को देखते हुए विभाग ने सभी प्रमुख ब्रांड्स का पर्याप्त स्टॉक पहले ही उपलब्ध करा दिया है। अधिकारियों के अनुसार किसी भी दुकान में कमी की स्थिति न बने, इसके लिए अतिरिक्त वाहनों की व्यवस्था कर सप्लाई चेन को मजबूत किया गया है। शनिवार से ही दुकानों में अतिरिक्त आपूर्ति शुरू कर दी गई है।
होली के दिन ड्राई डे घोषित होने के कारण लोग पहले से ही शराब का स्टॉक कर रहे हैं। अनुमान है कि राजधानी में लगभग 35 प्रतिशत लोग होली के दिन शराब का सेवन करते हैं या मेहमानों को परोसते हैं। इस बढ़ती मांग को देखते हुए आबकारी विभाग ने एक सप्ताह पहले ही सभी सुपरवाइजरों से संभावित मांग का आंकलन मंगाया था।
सूत्रों के मुताबिक, बार संचालकों को भी सामान्य दिनों की तुलना में लगभग 25 प्रतिशत अधिक कोटा उठाने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग का मानना है कि त्योहार के दौरान होटल और बार में भीड़ बढ़ती है, जिससे बिक्री में तेजी आती है। इस बार होली से एक दिन पहले शराब दुकानें निर्धारित समय तक खुली रहेंगी, जिससे ग्राहकों को खरीदारी में सुविधा मिलेगी।
ड्राई डे के दिन अवैध शराब बिक्री रोकने के लिए आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम अलर्ट पर है। मुखबिर तंत्र सक्रिय कर दिया गया है और संभावित कोचियों पर नजर रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हर साल की तरह इस बार भी देशी शराब की तुलना में अंग्रेजी शराब की मांग अधिक रहने की संभावना है। खासकर मध्यम श्रेणी के लोकप्रिय ब्रांड्स की बिक्री में तेजी आने का अनुमान है। दुकानों में ऐसे ब्रांड्स का अतिरिक्त स्टॉक रखा गया है ताकि बिक्री प्रभावित न हो। कुल मिलाकर, होली के रंगों के साथ राजधानी में शराब बाजार भी पूरी तरह तैयार है और विभाग बिक्री के नए रिकॉर्ड की उम्मीद कर रहा है।